चाईबासा/ Jayant Pramanik जिले के सोनुआ थाना क्षेत्र में रविवार को एक बड़ा हादसा होते- होते टल गया, जब अवैध बालू लदा एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर घर में घुस गया. घटना एनएच 320डी के सोनुआ- चक्रधरपुर मुख्य सड़क किनारे स्थित गोलमुंडा गांव की है, जहां रविवार अहले सुबह करीब तीन बजे यह हादसा हुआ. ट्रैक्टर के जोरदार धक्के से चक्रधर बानरा के घर को भारी क्षति पहुंची.

हादसे के समय घर के अंदर सो रहे सात लोग बाल- बाल बच गए. घटना के बाद इलाके में अफरा- तफरी मच गई.
सूचना मिलते ही सोनुआ पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रैक्टर को जब्त कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है.
स्थानीय लोगों के अनुसार, एनएच 320डी पर गोइलकेरा और गुदड़ी के अवैध बालू घाटों से रोजाना 100 से अधिक ट्रैक्टर चक्रधरपुर की ओर जाते हैं. इन ट्रैक्टरों की रफ्तार काफी तेज रहती है, जिससे हमेशा हादसे का खतरा बना रहता है.
बताया जा रहा है कि इससे पहले भी अवैध बालू लदे ट्रैक्टरों की टक्कर से कई लोगों की जान जा चुकी है. हालांकि प्रशासन द्वारा समय-समय पर कार्रवाई की जाती है, लेकिन इसके बावजूद अवैध बालू का कारोबार लगातार बढ़ता जा रहा है.

