चाईबासा/ Jayant Pramanik जिले के गोविंदपुर पंचायत अंतर्गत लोटापहाड़ स्थित सामुदायिक भवन में रविवार को पान- तांती समाज की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता जिला संरक्षक मुनीलाल दास ने की. इस दौरान कोल्हान प्रमंडल पान/ तांती कल्याण समाज के तहत सोनुआ प्रखंड के गोविंदपुर पंचायत कमेटी का सर्वसम्मति से गठन किया गया.

बैठक में संगठन के विस्तार और समाज की एकजुटता पर विशेष जोर दिया गया. विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित समाजसेवी अनुज दास ने अपने विचार साझा करते हुए संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया.
बैठक में गोविंदपुर पंचायत के चार गांव- गोविंदपुर, पुनीपदा, बोइकेड़ा और कुपुई के स्वजातीय लोगों की सहमति से नई कार्यकारिणी का गठन किया गया.
नवगठित कमेटी में भस्कन्द दास को अध्यक्ष, दुर्गा चरण तांती को उपाध्यक्ष, लक्ष्मी दास को सचिव, हिमांशु शेखर तांती को उपसचिव और हीरालाल दास को कोषाध्यक्ष बनाया गया. इसके अलावा देवकी केशरी को महिला संयोजिका तथा गीता दास को उपमहिला संयोजिका की जिम्मेदारी सौंपी गई.
कार्यक्रम के अंत में सोनुआ प्रखंड सचिव बबलू दास ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई.
इस मौके पर प्रखंड अध्यक्ष मनोज तांती, कोषाध्यक्ष अनिल कुमार दास, महिला संयोजिका नैना दास, सदस्य कौशल्या दास, महेश्वरी पान, धर्मेंद्र दास सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे. सभी ने समाज के उत्थान और कल्याण के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया.

