चाईबासा/ Jayant Pramanik जिले के गोइलकेरा थाना क्षेत्र अंतर्गत संतरा वन प्रक्षेत्र में वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध लकड़ी तस्करी का भंडाफोड़ किया है. टीम ने साल लकड़ी से भरा एक ट्रक जब्त करते हुए चालक को गिरफ्तार कर लिया. जानकारी के अनुसार, बीती रात गुप्त सूचना के आधार पर वन विभाग की टीम ने गोटांबा गांव के पास करीब रात एक बजे एक संदिग्ध ट्रक को रोका. जांच के दौरान ट्रक में 44 पीस साल बोटा लकड़ी लदी पाई गई.

जब ट्रक चालक से लकड़ी से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे गए, तो वह कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका. इसके बाद वन विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ट्रक को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया. बताया जा रहा है कि जब्त लकड़ी की अनुमानित कीमत करीब 4 से 5 लाख रुपये है.

प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि तस्कर गोइलकेरा और मनोहरपुर के बीच जंगल क्षेत्र से लकड़ी लोड कर बिहार भेजने की योजना बना रहे थे. हिरासत में लिया गया चालक कैलाश यादव, जो बिहार का निवासी है, ट्रक का मालिक भी बताया जा रहा है. फिलहाल वन विभाग की टीम पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और तस्करी में शामिल अन्य लोगों की तलाश की जा रही है.

