जामताड़ा: जिले के कुंडहित प्रखंड स्थित अंबा गांव में मंगलवार को वज्रपात ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं. हल्की बारिश के बीच आम चुनने गई 13 वर्षीय बच्ची श्रीया बाउरी की आकाशीय बिजली गिरने से दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया.


जानकारी के अनुसार गांव के पांच बच्चे आम चुनने के लिए पास के बगीचे में गए थे. इसी दौरान मौसम अचानक बदला और तेज गर्जना के साथ बिजली गिर गई. वज्रपात की चपेट में आने से श्रीया बाउरी की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं 16 वर्षीय दिनू दास गंभीर रूप से झुलस गया.

घटना के बाद ग्रामीणों ने दोनों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुंडहित पहुंचाया. जहां डॉक्टरों ने श्रीया को मृत घोषित कर दिया. जबकि दिनू की हालत गंभीर देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए सिउड़ी सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया.
घटना की सूचना मिलते ही कुंडहित थाना प्रभारी प्रदीप कुमार पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे. वहीं अंचल प्रशासन की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली. अधिकारियों ने मृतक के परिजनों को आपदा प्रबंधन विभाग के तहत मिलने वाली सहायता राशि और मुआवजा प्रक्रिया की जानकारी दी.
हालांकि समाचार लिखे जाने तक परिजन पोस्टमार्टम कराने को तैयार नहीं थे. प्रशासन उन्हें कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के लिए समझाने में जुटा हुआ था. इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे अंबा गांव में मातम पसरा हुआ है. ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को जल्द राहत राशि उपलब्ध कराने की मांग की है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

