चांडिल: थाना क्षेत्र स्थित गैलेक्सी इंगोट प्लांट में मंगलवार को हुए भीषण विस्फोट से दो मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए. हादसे के बाद पूरे प्लांट परिसर में अफरा- तफरी मच गई, जबकि धमाके की आवाज दूर- दूर तक सुनाई दी.


प्राप्त जानकारी के अनुसार प्लांट के एक यूनिट में अचानक आग लगने के बाद जोरदार विस्फोट हुआ. हादसे में घायल मजदूरों की पहचान बादल और पुजारी के रूप में हुई है. दोनों मजदूर विस्फोट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए.
घटना के बाद प्लांट कर्मियों और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर स्थित टीएमएच रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है. चिकित्सकों के अनुसार दोनों की हालत चिंताजनक बनी हुई है.
घटना की सूचना मिलते ही चांडिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी. प्रारंभिक जांच में बायलर सिस्टम में तकनीकी खराबी अथवा लीकेज की आशंका जताई जा रही है. माना जा रहा है कि लीकेज के कारण आग लगी और उसके बाद विस्फोट हुआ.
इधर इस हादसे के बाद प्लांट की सुरक्षा व्यवस्था और सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर भी कई सवाल खड़े होने लगे हैं. पुलिस और संबंधित विभाग के अधिकारी यह जांच कर रहे हैं कि कहीं सुरक्षा नियमों की अनदेखी तो नहीं की गई थी. फिलहाल विस्फोट के वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा.

