जामताड़ा: रेलनगरी चित्तरंजन में चोरी की एक बड़ी वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. प्रसांता एवेन्यू स्थित क्वार्टर नंबर 3/2बी में गुरुवार तड़के करीब 3:30 बजे अज्ञात चोरों ने बंद मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया.


पीड़ित राजेश कुमार सिंह के अनुसार, घटना के समय घर पूरी तरह खाली था. वे चुनावी ड्यूटी के सिलसिले में साउथ 24 परगना के बिष्णुपुर में थे, जबकि उनकी मां इलाज के लिए दुर्गापुर गई हुई थीं. इसी का फायदा उठाकर चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा और अंदर घुसकर व्यवस्थित तरीके से चोरी की वारदात को अंजाम दिया.

स्थानीय नाइट गार्ड ने कुछ संदिग्ध लोगों को मौके के आसपास से भागते हुए देखा, जिससे घटना की पुष्टि हुई. चोरी गए सामान में सोने के आभूषण जैसे हार सेट, चूड़ियां, मांगटीका, चेन, अंगूठियां और झुमके शामिल हैं. इसके अलावा चांदी के पायल, बिछिया, बर्तन और सिक्के भी गायब हैं. चोर करीब 50 हजार रुपये नकद भी अपने साथ ले गए.
पीड़ित के मुताबिक कुल नुकसान करीब 15 से 20 लाख रुपये के बीच आंका गया है. घटना के बाद थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की गई है.
इधर, लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है. लोगों का कहना है कि प्रतिबंधित क्षेत्र होने के बावजूद इस तरह की वारदातें सुरक्षा व्यवस्था की कमजोरी को उजागर करती हैं.
थाना प्रभारी शेख इस्माइल अली ने बताया कि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है. साथ ही इलाके में रात्रि गश्त बढ़ा दी गई है. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि घर खाली छोड़ने से पहले इसकी सूचना थाना को दें, ताकि सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जा सके.
Report by Manish Baranwal

