जमशेदपुर: परसुडीह थाना क्षेत्र में 26 अप्रैल को एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान छोटा गोविंदपुर सुभाष नगर निवासी मंगल तिवारी के रूप में हुई है. घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है और परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है.

मृतक के भाई बंटी तिवारी के अनुसार, मंगल 21 अप्रैल को दोपहर करीब 1 बजे घर से गोविंदपुर हॉल्ट अपने दोस्तों के पास जाने की बात कहकर निकले थे. उनके साथ उनका मित्र मनीष पांडे भी मौजूद था. देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने फोन किया, जिस पर मंगल ने बताया कि वह थोड़ी देर से आएंगे, लेकिन इसके बाद उनका मोबाइल बंद हो गया.
अगले दिन 22 अप्रैल को जब दोबारा संपर्क किया गया तो फोन एक अज्ञात व्यक्ति ने उठाया, जिसने खुद को सैलून संचालक बताते हुए मोबाइल मिलने की बात कही. परिजन वहां पहुंचे और ₹500 देकर मोबाइल वापस ले आए. परिजनों का आरोप है कि जिस रात मंगल लापता हुए, उसी रात उनके दोस्त नशे की हालत में घर पहुंचकर उनसे पूछताछ कर रहे थे, जिससे संदेह और गहरा गया. काफी खोजबीन के बावजूद कोई सुराग नहीं मिला.
इसी बीच 26 अप्रैल को पुलिस को सूचना मिली कि नाला के पास एक गड्ढे में एक युवक का शव पड़ा है. मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. बाद में शव की पहचान मंगल तिवारी के रूप में हुई.
परिजनों का कहना है कि जिस स्थान से शव मिला, वहां पानी बहुत कम था, जिससे डूबने की संभावना नहीं है. उन्होंने आशंका जताई है कि युवक की हत्या कर शव को गड्ढे में फेंका गया है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है. रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि मामला हत्या का है या आत्महत्या का.

