जामताड़ा: जिले के बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आगामी 31 अक्टूबर को सरकारी आईटीआई कॉलेज, करमाटांड़ में एक दिवसीय रोजगार मेला आयोजित किया जाएगा. उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार के निर्देश पर जिला नियोजनालय, जामताड़ा की ओर से आयोजित इस रोजगार मेले में नौ स्थानीय एवं बाहरी नियोजक भाग लेंगे। इनके माध्यम से 879 से अधिक पदों पर योग्य उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा.


रोजगार मेले में आठवीं पास से लेकर इंजीनियरिंग डिग्रीधारी अभ्यर्थियों तक को अपनी योग्यता के अनुसार रोजगार पाने का अवसर मिलेगा. विभिन्न कंपनियों एवं नियोजकों की ओर से डिप्लोमा अप्रेंटिस, ट्रेनी, कंपनी ट्रेनी, वीडियो क्रिएटर, डाटा एंट्री ऑपरेटर, टेली कॉलर, असेंबली ऑपरेटर, क्वालिटी विभाग, सीएनसी ऑपरेटर, सिक्योरिटी गार्ड, सिक्योरिटी सुपरवाइजर, बाउंसर, इंश्योरेंस कंसल्टेंट और मशीन ऑपरेटर सहित कई पदों पर नियुक्ति की जाएगी.
सुबह 10:30 से दोपहर 3 बजे तक होगा आयोजन
जिला नियोजनालय की ओर से इच्छुक एवं योग्य अभ्यर्थियों से रोजगार मेले में शामिल होने की अपील की गई है. जिन उम्मीदवारों का अभी तक किसी भी नियोजनालय में निबंधन नहीं हुआ है, वे जिला नियोजनालय अथवा झार नियोजन पोर्टल के माध्यम से अपना निबंधन करा सकते हैं. अभ्यर्थियों को 31 अक्टूबर को सुबह 10:30 बजे से दोपहर 3 बजे तक सरकारी आईटीआई कॉलेज, करमाटांड़ में उपस्थित होना होगा.
उम्मीदवारों को अपने शैक्षणिक प्रमाणपत्रों, जाति प्रमाणपत्र, स्थानीय प्रमाणपत्र, आधार कार्ड की छायाप्रति, बायोडाटा और फोटो सहित आवश्यक दस्तावेज साथ लाने होंगे. नियोजकों के प्रतिनिधि अभ्यर्थियों के प्रमाणपत्रों एवं योग्यता के आधार पर चयन प्रक्रिया पूरी करेंगे.
जिला नियोजनालय ने स्पष्ट किया है कि सभी रिक्तियां निजी क्षेत्र से संबंधित हैं। ऐसे में संबंधित पदों की शर्तों एवं अन्य नियमों के लिए नियोजक स्वयं जिम्मेदार होंगे. विभाग ने जिले के अधिक से अधिक योग्य युवाओं से रोजगार मेले में भाग लेकर इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है.
रिपोर्ट: मनीष बरनवाल

