जामताड़ा/ Manish Baranwal स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी के गृह क्षेत्र स्थित जामताड़ा सदर अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है. बीती रात करीब 1:30 बजे एक नकाबपोश युवक ने अस्पताल परिसर की दीवार फांदकर अंदर प्रवेश किया और डायलिसिस सेंटर के जनरेटर के साथ छेड़छाड़ करते हुए उसमें आग लगा दी. महज 10 मिनट के भीतर जनरेटर पूरी तरह जलकर राख हो गया.

यह पूरी घटना अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है. फुटेज में आरोपी युवक बेखौफ नजर आ रहा है और कैमरे की ओर इशारा करते हुए दिखाई दे रहा है, जिससे उसकी निर्भीकता साफ झलकती है. घटना सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग और अस्पताल प्रबंधन में हड़कंप मच गया है.
गुरुवार शाम जब सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई, तब पूरे मामले का खुलासा हुआ. अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि मामले में संबंधित युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी और उसकी जल्द गिरफ्तारी की मांग की जाएगी. घटना के बाद अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं. मरीजों और परिजनों के बीच भी भय का माहौल है.

