जामताड़ा/ Jayant Pramanik बिजली विभाग में कार्यरत ऊर्जा मित्रों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आवाज बुलंद कर दी है. कर्मियों ने मुख्यमंत्री के नाम पोस्टकार्ड लिखकर अपनी समस्याओं और मांगों से अवगत कराया है. ऊर्जा मित्रों ने अपने भविष्य को लेकर गहरी चिंता जताते हुए कहा कि वर्तमान में उनकी स्थिति बेहद अनिश्चित बनी हुई है.

कर्मियों का कहना है कि उन्हें समय पर वेतन नहीं मिल पाता है, जिससे उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है. इसके अलावा उनका मानदेय भी काफी कम है, जो बढ़ती महंगाई के बीच पर्याप्त नहीं है. उन्होंने बताया कि स्मार्ट मीटर लागू होने के बाद उनकी नौकरी पर संकट और गहरा गया है, जिससे भविष्य को लेकर असुरक्षा की भावना बढ़ती जा रही है. ऊर्जा मित्रों ने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें पीएफ और बीमा जैसी बुनियादी सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं कराई जा रही हैं, जो किसी भी कर्मचारी के लिए आवश्यक होती हैं. ऐसे में वे खुद को असहाय महसूस कर रहे हैं.
कर्मियों ने सरकार से मांग की है कि उनका बकाया वेतन जल्द भुगतान किया जाए, मानदेय में वृद्धि की जाए और उन्हें मानव दिवस कर्मी के रूप में शामिल कर स्थायी नौकरी दी जाए. उनका कहना है कि इससे उनका भविष्य सुरक्षित होगा और वे बेहतर तरीके से अपनी सेवाएं दे सकेंगे. ऊर्जा मित्रों ने सरकार से अपील की है कि उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए जल्द समाधान निकाला जाए, ताकि उनका जीवनयापन सुचारू रूप से चल सके. इस दौरान नंदकिशोर महतो, हरि कुमार शर्मा, उदय कुमार, शोएब अंसारी समेत कई कर्मी मौजूद रहे.

