आदित्यपुर: राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव का 79वां जन्मदिन कल आदित्यपुर में धूमधाम से मनाया जाएगा. इस अवसर को यादगार बनाने के लिए भव्य समारोह की तैयारी पूरी कर ली गई है. आयोजन को लेकर कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खासा उत्साह देखा जा रहा है.


लालू विचार केंद्र के तत्वावधान में आयोजित होने वाला मुख्य कार्यक्रम आदित्यपुर स्थित ऑटो क्लस्टर सभागार में सुबह 11 बजे शुरू होगा. कार्यक्रम का सबसे बड़ा आकर्षण 79 पाउंड का विशाल केक होगा, जिसे लालू प्रसाद यादव के 79वें जन्मदिन के उपलक्ष्य में काटा जाएगा.
आयोजन को लेकर आयोजित प्रेस वार्ता में लालू विचार केंद्र के संयोजक सह राजद के पूर्व प्रदेश महासचिव पुरेंद्र नारायण सिंह ने कहा कि पिछले दो दशकों से अधिक समय से लालू प्रसाद यादव का जन्मदिन लगातार उत्साह और सम्मान के साथ मनाया जाता रहा है. उन्होंने कहा कि लालू प्रसाद यादव केवल एक राजनीतिक नेता नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय और सामाजिक परिवर्तन की एक विचारधारा का नाम हैं.
उन्होंने कहा कि लालू प्रसाद यादव ने समाज के वंचित, पिछड़े और कमजोर वर्गों को राजनीतिक और सामाजिक पहचान दिलाने का काम किया. यही कारण है कि आज भी देश-विदेश में उनके करोड़ों समर्थक मौजूद हैं और उनके जन्मदिन को विशेष उत्सव के रूप में मनाया जाता है.
जन्मदिन समारोह को भव्य बनाने के लिए आयोजन समिति ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा की. सभागार की सजावट, अतिथियों के स्वागत, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है.
तैयारियों का जायजा लेने के दौरान सिद्धनाथ सिंह यादव, उदित यादव, देव प्रकाश, संतोष सिंह यादव, अवधेश कुमार, सोनू पासवान सहित लालू विचार केंद्र के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे. आयोजकों का दावा है कि इस वर्ष का समारोह भी हर बार की तरह भव्य और यादगार होगा.
Edited By Sarita Mahato

