रूपनगर की बहुमंजिला इमारत की छत पर बने कमरे में छिपा था आरोपी, नियामतपुर फांड़ी की पुलिस ने दबोचा


रूपनारायणपुर: रेलवे में नौकरी दिलाने का झांसा देकर कथित तौर पर आर्थिक ठगी करने के मामले में पुलिस ने आशीष बोस को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी ने रूपनारायणपुर के रूपनगर स्थित एक बहुमंजिला इमारत की छत पर बने कमरे में शरण ले रखी थी. हालांकि, पुलिस ने रविवार शाम छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया. सोमवार को आरोपी को आसनसोल अदालत में पेश किया गया.
मिली जानकारी के अनुसार, आशीष बोस पर रेलवे में नौकरी दिलाने का भरोसा देकर लोगों से रुपये लेने और आर्थिक धोखाधड़ी करने के आरोप हैं. इन शिकायतों के आधार पर पुलिस उसकी तलाश कर रही थी. इसी दौरान उसके रूपनगर स्थित बहुमंजिला इमारत की छत पर बने कमरे में छिपे होने की सूचना मिली. इसके बाद कुल्टी थाना अंतर्गत नियामतपुर फांड़ी की पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया.
कई थानों में शिकायतों की चर्चा
सूत्रों के अनुसार, आशीष बोस के खिलाफ आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के विभिन्न थानों में रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर कथित ठगी से संबंधित कई शिकायतें होने की जानकारी सामने आई है. हालांकि, इन शिकायतों की संख्या, उनमें लगाए गए आरोपों और आरोपी की भूमिका की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी.
पूछताछ में खुल सकते हैं राज
आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस कथित ठगी से जुड़े आर्थिक लेनदेन, प्रभावित लोगों की संख्या और अन्य संभावित संलिप्त लोगों के बारे में जानकारी जुटाने में लगी है. पुलिस रिमांड की मांग किए जाने की संभावना भी जताई जा रही है। हालांकि, इस संबंध में आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है.
जांच के दौरान यह स्पष्ट होने की उम्मीद है कि नौकरी दिलाने के नाम पर कितने लोगों से संपर्क किया गया, कितनी रकम का लेनदेन हुआ और क्या कथित ठगी के इस मामले में कोई संगठित नेटवर्क भी सक्रिय था. फिलहाल, पुलिस की जांच और पूछताछ के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक तस्वीर सामने आ सकेगी.

