जामताड़ा: रेलवे ने बेहतर समन्वय और त्वरित कार्यशैली का परिचय देते हुए बेवा बाईपास स्थित लेवल क्रॉसिंग गेट संख्या 8/एसपीएल/ई के समीप सीमित ऊंचाई वाले अंडरपास (सबवे) का निर्माण मात्र सात घंटे में पूरा कर लिया. रविवार सुबह 7:40 बजे शुरू हुआ निर्माण कार्य दोपहर करीब 3 बजे तक सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया.

रेलवे अधिकारियों के अनुसार इस परियोजना के तहत कुल दो सबवे का निर्माण प्रस्तावित है. पहला अंडरपास 10 मई 2026 को तैयार किया गया, जबकि दूसरा निर्माण कार्य आगामी 17 मई 2026 (रविवार) को किया जाएगा.
निर्माण कार्य के दौरान रेलवे के विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने समन्वय बनाकर कार्य किया. मौके पर वरिष्ठ मंडल अभियंता/समन्वय आसनसोल राजीव रंजन, वरिष्ठ मंडल अभियंता/3 आसनसोल विनीत भगत, सहायक अभियंता/ योजना आसनसोल पिंटू दास, सहायक अभियंता दुर्गापुर जे. राज, वरिष्ठ अनुभाग अभियंता जसीडीह रामायण सिंह तथा अनुभाग अभियंता मधुपुर शंकर शाह सहित अन्य विभागीय कर्मचारी उपस्थित रहे.
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी विशेष सतर्कता बरती गई. जामताड़ा आरपीएफ के सब इंस्पेक्टर रंजीत पांडे के नेतृत्व में आरपीएफ जवानों के साथ जामताड़ा और मिहिजाम थाना पुलिस भी मौके पर मौजूद रही.
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि इस अंडरपास निर्माण से क्षेत्र में यातायात सुगम होगा और लेवल क्रॉसिंग पर लगने वाले जाम से लोगों को राहत मिलेगी.



