जामताड़ा/ Manish Baranwal जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र में सड़क दुर्घटना ने एक और परिवार को उजाड़ दिया. बगतारपा लखनपुर के पास तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई.

मृतक की पहचान गिरिडीह जिले के अहिल्यापुर थाना क्षेत्र स्थित बाबानडीहा गांव निवासी संतोष मुर्मू (36 वर्ष) के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि वह चैनपुर- चापापुर से काम कर अपने घर लौट रहे थे, इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी.
घटना के बाद इलाके में अफरा- तफरी मच गई और लखनपुर मोड़ के पास वाहनों की लंबी कतार लग गई. स्थानीय लोगों की मदद से घायल को नारायणपुर स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जामताड़ा भेज दिया गया. मृतक के चचेरे भाई दिनेश मुर्मू ने बताया कि संतोष मुर्मू परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे. उनके निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. उनके पीछे पत्नी, तीन बच्चे और बुजुर्ग माता-पिता हैं.
परिजनों ने जिला प्रशासन से मुआवजे की मांग करते हुए कहा कि परिवार के भरण- पोषण के लिए आर्थिक सहायता दी जाए.
गौरतलब है कि जामताड़ा जिले में पिछले तीन दिनों में अलग- अलग सड़क हादसों में पांच लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई लोग घायल हुए हैं. लगातार हो रही दुर्घटनाओं से लोगों में आक्रोश है और प्रशासन से तेज रफ्तार वाहनों पर सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है.

