सरायकेला: समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में शुक्रवार को साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन किया गया, जिसमें जिले के विभिन्न प्रखंडों और पंचायतों से पहुंचे आमजनों ने अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं.

जनता दरबार में भूमि विवाद, पारिवारिक लाभ में विलंब, खरसावां प्रखंड के मौजा पटपट में कृषि भूमि पर अवैध दखल, चांडिल अनुमंडल में पेसा नियमावली 2025 के अनुरूप ग्राम प्रधानों को ग्राम सभा अध्यक्ष के रूप में अधिसूचित करने, गम्हरिया क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री, आदित्यपुर में निजी विद्यालयों द्वारा फीस वसूली, धान अधिप्राप्ति में छूटे किसानों का पंजीकरण, राशन, पेंशन, पेयजल और बिजली से जुड़ी समस्याएं प्रमुख रूप से उठाई गईं.
उपायुक्त ने सभी आवेदनों पर गंभीरता से संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि हर मामले की जांच कर समयबद्ध और पारदर्शी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए. उन्होंने दो टूक कहा कि आमजनों की समस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि जिन मामलों का समाधान मौके पर संभव है, उन्हें तुरंत निष्पादित किया जाए, जबकि अन्य मामलों में शीघ्र जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए, ताकि लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके. उपायुक्त ने आमजनों से अपील की कि वे बिना किसी झिझक अपनी समस्याएं प्रशासन के सामने रखें. उन्होंने जानकारी दी कि जनता दरबार प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार को कार्यालय दिवस पर नियमित रूप से आयोजित किया जाता है.

