जामताड़ा : आर्ट ऑफ़ लिविंग फाउंडेशन के तत्वावधान में विशाल लॉज के समीप लीलावती निवास में पांच दिनों से चल रहे आनंद उत्सव कार्यक्रम का रविवार को हर्षोल्लास एवं आध्यात्मिक वातावरण के बीच समापन हुआ.

कार्यक्रम के संबंध में वरिष्ठ शिक्षक रून्टी चंद्र एवं रेणु पद पात्र ने बताया कि यह उत्सव देशभर में एक साथ आयोजित किया जा रहा है. कार्यक्रम के माध्यम से श्री श्री रविशंकर की अमृतवाणी द्वारा प्रतिभागियों को जीवन जीने की कला, सकारात्मक सोच एवं आंतरिक संतुलन का संदेश दिया गया.
शिक्षक रेणु पद पात्र ने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में भौतिक सुविधाओं के बावजूद लोग तनाव, चिंता एवं मानसिक संघर्ष से गुजर रहे हैं. ऐसे में कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को स्वास्थ्य, मन और भावनाओं में संतुलन बनाए रखने हेतु विशेष श्वास प्रक्रिया ‘सुदर्शन क्रिया’ का अभ्यास कराया गया.
कार्यक्रम के मुख्य संरक्षक ओम प्रकाश चौधरी एवं कंचन मजूमदार ने बताया कि आनंद उत्सव अभियान से देशभर में लाखों लोग जुड़कर मानसिक स्वास्थ्य, ध्यान एवं योग के माध्यम से सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संदेश ले रहे हैं.
समापन अवसर पर भजन- संगीत, ध्यान एवं नृत्य प्रस्तुतियों ने पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया. कार्यक्रम को सफल बनाने में लीलावती देवी, अजय कुमार चांद, सुनीता चौधरी, रुबी मजूमदार, रीमा सिन्हा, भास्कर चांद, संगिता पनिकर, अमित कुमार, दीक्षा चौधरी, विनती देवी, प्रदीप एम.टी., विजयानंद कुंवर, सोमेन पाल, अनिता अग्रवाल एवं स्नेहलता चौधरी सहित अनेक कार्यकर्ताओं का सराहनीय योगदान रहा.
Report By Manish Baranwal



