जमशेदपुर: पुलिस ने टेल्को थाना क्षेत्र के मिश्रा बगान में हुई फायरिंग मामले का खुलासा करते हुए दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने आरोपियों के पास से देसी पिस्तौल, जिंदा गोलियां, खोखा और मोबाइल फोन भी बरामद किया है.

मामले में टेल्को थाना कांड संख्या 68/26 दिनांक 09 मई 2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी. पुलिस के अनुसार घटना के पीछे पुरानी रंजिश मुख्य वजह थी. बताया जा रहा है कि करीब एक वर्ष पूर्व संदीप पांडेय द्वारा फूयू उर्फ रितेश कुमार सिंह के साथ मारपीट की गई थी, जिसमें उसका हाथ और पैर टूट गया था. इसी घटना का बदला लेने के उद्देश्य से 08 मई 2026 की रात मिश्रा बगान इलाके में सोनू झा, फूयू उर्फ रितेश कुमार सिंह और उनके अन्य साथियों ने फायरिंग की घटना को अंजाम दिया.
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया. मानवीय और तकनीकी सूचना के आधार पर पुलिस ने 09 और 10 मई की रात बिरसा मुंडा जेम्को से सलगाझुड़ी फाटक जाने वाली कच्ची सड़क के पास बिरसा मुंडा प्रतिमा के समीप बनी झोपड़ी में छापेमारी की.
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 29 वर्षीय सोनू झा और 29 वर्षीय रितेश कुमार सिंह उर्फ पुचु के रूप में हुई है.
पुलिस ने आरोपियों के पास से 7.65 बोर का एक देसी पिस्तौल, तीन जिंदा गोलियां, दो खोखा और एयरटेल सिम सहित एक रियलमी कंपनी का मोबाइल फोन बरामद किया है.
पूछताछ के दौरान आरोपी सोनू झा ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं. उसने बताया कि वह बिहार के सहरसा टाउन से अवैध हथियार खरीदकर जमशेदपुर लाता था और उसकी बिक्री करता था. आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि उसने पूर्व में एक हथियार मनोज कुमार नामक व्यक्ति को बेचा था, जो हत्या के मामले में जेल जा चुका है.
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार सोनू झा के खिलाफ पहले भी टेल्को थाना कांड संख्या 173/18 और बिष्टुपुर थाना कांड संख्या 32/25 दर्ज हैं. फिलहाल पुलिस इस फायरिंग कांड में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चला रही है.



