जामताड़ा: जिले के दुलायडीह नगर भवन में गुरुवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) का जिला स्तरीय बूथ सम्मेलन आयोजित किया गया. सम्मेलन में पार्टी के केंद्रीय महासचिव विनोद पांडे मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए. कार्यक्रम में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया. दीप प्रज्वलन के साथ सम्मेलन की शुरुआत हुई.


अपने संबोधन में विनोद पांडे ने संगठन की मजबूती के लिए बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने पर जोर दिया. उन्होंने कार्यकर्ताओं को बीएलओ-2 प्रशिक्षण, बूथ कमेटियों के सुदृढ़ संचालन और मतदाता सूची की निगरानी को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि बूथ ही संगठन की सबसे मजबूत इकाई है और कार्यकर्ताओं को लगातार मतदाताओं के संपर्क में रहना चाहिए.
मीडिया से बातचीत के दौरान विनोद पांडे ने कहा कि पार्टी का स्पष्ट निर्देश है कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से नहीं कटने दिया जाए. इसके लिए कार्यकर्ताओं को पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करना होगा.
राज्यसभा चुनाव को लेकर उन्होंने दावा किया कि झारखंड की दोनों राज्यसभा सीटों पर इंडिया गठबंधन के प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित है. उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा ने निर्दलीय उम्मीदवार को समर्थन देकर राजनीतिक माहौल प्रभावित करने का प्रयास किया है. साथ ही उन्होंने सवाल उठाया कि क्या भाजपा की स्थिति ऐसी हो गई है कि वह राज्यसभा चुनाव में अपना प्रत्याशी तक नहीं उतार पा रही है.
सम्मेलन में जिला अध्यक्ष नरेंद्र मुर्मू, अशोक मंडल, रविंद्र नाथ दुबे, प्रो. कैलाश प्रसाद, इम्तियाज अंसारी, परेश यादव, प्रदीप कुमार मंडल, लालू अंसारी, वासुदेव मरांडी, सगीर खान समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे.
कार्यक्रम के अंत में झामुमो नेता एवं कोषाध्यक्ष प्रदीप कुमार मंडल ने सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया और संगठन को बूथ स्तर तक और मजबूत बनाने का संकल्प दोहराया.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

