सरायकेला: जिले में वित्तीय वर्ष 2026- 27 के राजस्व संग्रहण लक्ष्यों को लेकर प्रशासन सक्रिय हो गया है. समाहरणालय सभागार में गुरुवार को अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार की अध्यक्षता में आंतरिक संसाधन समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विभागों की राजस्व प्राप्ति और लक्ष्य पूर्ति की स्थिति की समीक्षा की गई.


बैठक में अपर उपायुक्त ने सभी विभागों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप राजस्व संग्रहण सुनिश्चित करने और उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और राजस्व बढ़ाने के नए स्रोतों की पहचान करें.
नगर निकायों को विज्ञापन से होने वाली आय बढ़ाने के लिए नए स्थानों का चिन्हांकन करने और अन्य संभावित राजस्व स्रोतों को विकसित करने के निर्देश दिए गए. वहीं परिवहन विभाग को अवैध पार्किंग के खिलाफ नियमित अभियान चलाने, वाहन जांच बढ़ाने और यातायात नियमों के अनुपालन को सुनिश्चित करने को कहा गया.
उत्पाद विभाग को अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ सघन अभियान चलाने का निर्देश दिया गया. साथ ही लाइसेंसी शराब दुकानों की नियमित जांच कर निर्धारित दरों पर बिक्री सुनिश्चित करने को कहा गया.
विद्युत विभाग को बकाया वसूली अभियान तेज करने, वैध बिजली कनेक्शन को बढ़ावा देने तथा बिजली चोरी के खिलाफ विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया गया. खनन विभाग को अवैध खनन, परिवहन और भंडारण पर कड़ी निगरानी रखते हुए नियमित जांच अभियान चलाने को कहा गया.
अपर उपायुक्त ने सभी विभागों को लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन, कर एवं शुल्क संग्रहण की नियमित समीक्षा और मासिक कार्ययोजना बनाकर लक्ष्य प्राप्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि आंतरिक संसाधनों में वृद्धि जिले के विकास कार्यों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है और सभी विभागों को पारदर्शिता, जवाबदेही एवं समयबद्धता के साथ कार्य करना होगा.
Edited By Sarita Mahato

