चांडिल/कपाली: दीपावली एवं आस्था के महापर्व छठ पूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर कपाली पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है. त्योहारों के मद्देनजर कपाली ओपी प्रभारी अविनाश कुमार ने असामाजिक तत्वों, अवैध कारोबारियों, नशाखोरी करने वालों तथा चौक-चौराहों पर बेवजह अड्डेबाजी करने वाले युवकों को सख्त चेतावनी दी है.


ओपी प्रभारी अविनाश कुमार ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि त्योहार के दौरान किसी भी तरह का हुड़दंग, अशांति या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी. विशेष रूप से तेज रफ्तार में मोटरसाइकिल चलाने, सड़क पर स्टंट करने और आम लोगों को परेशान करने वाले युवकों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी. ऐसे लोगों के पकड़े जाने पर उनके खिलाफ सीधे कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
उन्होंने कहा कि दीपावली और छठ पूजा क्षेत्र के महत्वपूर्ण पर्व हैं. इन त्योहारों को सभी लोग आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाएं. कोई भी व्यक्ति ऐसा कार्य न करे, जिससे दूसरे लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंचे या क्षेत्र की शांति व्यवस्था प्रभावित हो.
अभिभावकों से भी की विशेष अपील
कपाली ओपी प्रभारी ने क्षेत्र के नागरिकों, बुद्धिजीवियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और युवाओं से पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है. उन्होंने अभिभावकों से कहा कि वे अपने बच्चों की गतिविधियों पर विशेष ध्यान दें तथा उन्हें नशाखोरी, तेज रफ्तार बाइक चलाने और असामाजिक गतिविधियों से दूर रखें.
उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा कानून-व्यवस्था से संबंधित समस्या की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की.
हुड़दंगियों पर रहेगी विशेष निगरानी
ओपी प्रभारी अविनाश कुमार ने दो टूक कहा कि त्योहारों के दौरान कपाली पुलिस पूरी तरह सतर्क रहेगी. शांति व्यवस्था भंग करने, हुड़दंग मचाने और आम नागरिकों को परेशान करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि त्योहार खुशियों, प्रेम और भाईचारे के साथ मनाएं तथा कानून को अपने हाथ में लेने की कोशिश न करें.
रिपोर्ट: अफरोज मलिक

