जामताड़ा: जिले के मिहिजाम थाना क्षेत्र में महिला स्वास्थ्यकर्मी के कथित यौन शोषण से जुड़े मामले में पुलिस ने फरार चल रहे आरोपी कुतुबुद्दीन को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार आरोपी शहरडाल का रहने वाला है. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.


पुलिस के अनुसार महिला स्वास्थ्यकर्मी ने सात सितंबर 2026 को मिहिजाम थाने में लिखित आवेदन देकर कथित यौन शोषण की शिकायत की थी. आवेदन के आधार पर पुलिस ने मिहिजाम थाना कांड संख्या 65/26 दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया था. मामला दर्ज होने के बाद से आरोपी की तलाश की जा रही थी.
संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश
पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विभिन्न संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही थी. तकनीकी और मानवीय सूचनाओं के आधार पर उसकी गतिविधियों की जानकारी जुटाई गई. इसी क्रम में पुलिस ने कुतुबुद्दीन को गिरफ्तार कर लिया. आरोपी की गिरफ्तारी की कार्रवाई में मिहिजाम थाना प्रभारी प्रदीप राणा और मामले के अनुसंधानकर्ता प्रकाश सेठ की प्रमुख भूमिका रही. पुलिस अब मामले से जुड़े साक्ष्यों और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है. महिला स्वास्थ्यकर्मी की ओर से लगाए गए यौन शोषण के आरोपों की सत्यता का अंतिम निर्धारण न्यायिक प्रक्रिया के तहत होगा.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

