चांडिल: कुकड़ू प्रखंड के सिंदूरपुर काड़का और चांडिल प्रखंड के रोयाडीह में मंगलवार को आयोजित एक दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिताओं में ईचागढ़ विधायक सविता महतो मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं. उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया और आयोजन समितियों को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं.


इस दौरान विधायक सविता महतो ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है. जरूरत इन प्रतिभाओं को उचित मंच और आगे बढ़ने का अवसर उपलब्ध कराने की है. ग्रामीण स्तर पर होने वाली फुटबॉल प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतर अवसर देती हैं.

उन्होंने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और संघर्ष की क्षमता विकसित करता है. खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेकर बेहतर प्रदर्शन करने और क्षेत्र का नाम रोशन करने का प्रयास करना चाहिए. प्रतियोगिता के दौरान झामुमो केंद्रीय सदस्य काबलू महतो, कृष्णा किशोर महतो, अर्जुन सिंह समेत स्थानीय ग्रामीण और खेल प्रेमी उपस्थित थे.

