चाईबासा: सोनुआ के बेगुना में संचालित झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय, गुदड़ी में मलेरिया का प्रकोप सामने आया है. सोमवार को सोनुआ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मेडिकल टीम ने विद्यालय में शिविर लगाकर 54 छात्राओं की जांच की, जिसमें 13 छात्राएं मलेरिया पॉजिटिव पाई गईं. इनमें 10 छात्राओं में पीएफ (प्लाज्मोडियम फाल्सीपेरम) मलेरिया की पुष्टि हुई. सभी संक्रमित छात्राओं का सोनुआ अस्पताल में इलाज कराया गया. फिलहाल उनके स्वास्थ्य में सुधार बताया जा रहा है.


मामले को गंभीरता से लेते हुए मंगलवार को प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. देवी प्रसाद हांसदा की अध्यक्षता में रैपिड रिस्पांस टीम (आरआरटी) विद्यालय पहुंची. टीम ने मलेरिया पॉजिटिव पाई गई छात्राओं के स्वास्थ्य की दोबारा जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया.

दूसरे दिन की जांच में सभी रिपोर्ट नेगेटिव
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने विद्यालय की अन्य छात्राओं की मलेरिया और कुष्ठ रोग से संबंधित जांच भी की. मंगलवार को की गई जांच में सभी की रिपोर्ट नेगेटिव पाई गई. इसके बाद छात्राओं और विद्यालय कर्मियों को मलेरिया तथा कुष्ठ रोग से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई. मलेरिया से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से छात्राओं के बीच मच्छरदानी का भी वितरण किया गया. टीम ने मच्छरों से बचाव, आसपास साफ-सफाई रखने और बुखार अथवा अन्य लक्षण दिखाई देने पर तत्काल जांच कराने की सलाह दी.

जनप्रतिनिधि के प्रतिनिधि ने भी जाना छात्राओं का हाल
मंगलवार को जिला परिषद सदस्य के प्रतिनिधि सह समाजसेवी रमेश लुगुन और शिक्षाकर्मी शिव कुमार प्रधान ने भी विद्यालय पहुंचकर स्थिति की जानकारी ली. दोनों ने वार्डन और बीमार छात्राओं से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य का हाल जाना. स्वास्थ्य शिविर में एमपीडब्ल्यू चंदन प्रधान, एएनएम, सिनी प्रखंड समन्वयक नीरज कुमार और कुष्ठ विभाग के आजम समेत अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे.
रिपोर्ट: जयंत प्रमाणिक

