जामताड़ा Manish Baranwal स्पॉन्सरशिप एवं फोस्टर केयर अप्रूवल कमिटी की बैठक उपायुक्त आलोक कुमार की अध्यक्षता में आयोजित की गई, जिसमें बच्चों के कल्याण से जुड़ी योजनाओं की समीक्षा की गई. बैठक के दौरान उपायुक्त ने प्रायोजन (स्पॉन्सरशिप) योजना के तहत जिले में लाभान्वित हो रहे बच्चों की संख्या, उन्हें मिल रही सुविधाओं और लंबित प्रस्तावों की स्थिति की विस्तृत जानकारी ली. उन्होंने निर्देश दिया कि सभी प्रस्तावों की जांच विभागीय दिशा- निर्देश और मिशन वात्सल्य की गाइडलाइन के अनुरूप की जाए और फिर समिति के समक्ष प्रस्तुत किया जाए.

उपायुक्त ने मार्च 2026 तक योजना से जुड़े लाभुकों की फॉलोअप सूची उपलब्ध कराने तथा जिन लाभुकों को योजना से हटाया गया है, उनकी सूची कारण सहित प्रस्तुत करने का भी निर्देश दिया. साथ ही दस्तावेजों की जांच और अन्य आवश्यक बिंदुओं पर अधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए.बैठक में उपायुक्त ने योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर देते हुए कहा कि अधिक से अधिक जरूरतमंद बच्चों तक इसका लाभ पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए. उन्होंने स्पष्ट कहा कि फोस्टर केयर और स्पॉन्सरशिप योजना का उद्देश्य अनाथ और असहाय बच्चों को सहारा देना है.
उन्होंने भावुक अंदाज में कहा कि ऐसे बच्चे किसी के लिए बोझ नहीं, बल्कि राष्ट्र की अमूल्य धरोहर हैं, जिन्हें सही दिशा और सहयोग देकर बेहतर भविष्य दिया जा सकता है. बैठक में सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा कोषांग मिहिर सलकर, जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी अंजू पोद्दार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे.

