जामताड़ा: फेयर प्राइस शॉप डीलर्स एसोसिएशन, झारखंड की राज्य स्तरीय कोर कमेटी की बैठक गुरुवार को आयोजित की गई, जिसमें नई कार्यसमिति का गठन किया गया. यह बैठक पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ओमकारनाथ झा के असामयिक निधन के बाद रिक्त पदों को भरने के उद्देश्य से बुलाई गई थी. बैठक की अध्यक्षता कार्यकारी अध्यक्ष मोहन प्रसाद भैया ने की.

बैठक के दौरान रांची जिला अध्यक्ष ज्ञानदेव झा ने प्रस्ताव रखा कि लंबे समय से कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में कार्य कर रहे मोहन प्रसाद भैया को प्रदेश अध्यक्ष बनाया जाए. इस प्रस्ताव को 20 जिलों के प्रतिनिधियों ने ध्वनिमत से पारित कर दिया.
नवनिर्वाचित कमेटी में रमेश सिंह (धनबाद) को कार्यकारी अध्यक्ष, ज्ञानदेव झा को प्रधान महासचिव और प्रमोद गुप्ता (जमशेदपुर) को प्रदेश महासचिव नियुक्त किया गया.
इसके अलावा अखिलेश कुमार सिंह (धनबाद), मनोहर सिंह (रामगढ़), राजेंद्र प्रसाद साह (दुमका), मोहन प्रसाद साह पारस (जमशेदपुर) और अब्दुला अंसारी (चतरा) को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई. वहीं पंकज कुमार, जयप्रकाश सिंह, विनोद कुमार भगत, शिरोमणि यादव, दीनानाथ राय, गोपाल विश्वकर्मा और सीपी सिंह को प्रदेश सचिव बनाया गया.
राहुल कुमार पांडेय को कोषाध्यक्ष, विक्रांत गुप्ता को सह-कोषाध्यक्ष, अभय कुमार सिंह और रंजीत सिंह को प्रदेश संगठन सचिव तथा देवकुमार साव को मीडिया प्रभारी नियुक्त किया गया. समीर चंद्र त्रिगुणायत को अनुशासन समिति एवं सलाहकार की जिम्मेदारी सौंपी गई.
पदभार ग्रहण करने के बाद मोहन प्रसाद भैया ने कहा कि वह पूरी ईमानदारी से अपनी जिम्मेदारी निभाएंगे और राज्य सरकार से मिलने वाले अधिकारों को सभी विक्रेताओं तक पहुंचाने का प्रयास करेंगे. उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर हक की लड़ाई सड़क से लेकर न्यायालय तक लड़ी जाएगी.
बैठक के दौरान एसोसिएशन को निबंधन संख्या 366/2025 प्राप्त होने पर भी खुशी जताई गई. कार्यक्रम में शिरोमणि यादव ने धन्यवाद ज्ञापन किया. मौके पर देव कुमार साव, समीर उरांव, बिंदु देवी, अब्दुल सलाम, मनोज मित्तल, अभिषेक भूषण सहित कई जिलों के विक्रेता उपस्थित रहे.

