सरायकेला/ Pramod Singh नगर पंचायत क्षेत्र में नव निर्वाचित जनप्रतिनिधियों ने नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत के साथ बच्चों को विद्यालय से जोड़ने की मुहिम तेज कर दी है. नगर पंचायत के उपाध्यक्ष अविनाश कवि समेत सभी वार्ड पार्षद अपने- अपने क्षेत्रों में घर- घर जाकर बच्चों का नामांकन नजदीकी विद्यालयों में करा रहे हैं. इस पहल का उद्देश्य अधिक से अधिक बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना है.

इसी क्रम में वार्ड संख्या 3 की पार्षद ज्योति साहू बालक मध्य विद्यालय, सरायकेला पहुंचीं, जहां विद्यालय की प्रभारी कंचन कुमारी सिन्हा ने पुष्प गुच्छ देकर उनका स्वागत किया.
इस दौरान पार्षद ने वार्ड क्षेत्र के गुटूसाई के दो बच्चों का विद्यालय में नामांकन कराया और उन्हें पुस्तक प्रदान करते हुए नियमित रूप से स्कूल आने के लिए प्रेरित किया.
ज्योति साहू ने कहा कि शिक्षा से बड़ा कोई धन नहीं होता है और यह ऐसा अमूल्य धन है, जिसका कभी बंटवारा नहीं किया जा सकता. उन्होंने सभी अभिभावकों से अपने बच्चों को शिक्षित बनाने का आह्वान किया. कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की शिक्षिका रीना सेठी, मौसमी मन्ना, डोली दास, शिक्षक अनिल कुमार मिश्रा, धीरज कुमार सिंह एवं सीआरपी राजेंद्र नंदा सहित कई अभिभावक और बच्चे उपस्थित रहे.

