जामताड़ा: जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ उत्पाद विभाग नियमित छापेमारी अभियान चलाएगा. होटल, ढाबा, हॉटस्पॉट और सार्वजनिक स्थलों पर अवैध शराब की बिक्री पर विशेष नजर रखी जाएगी. वहीं, लाइसेंसी शराब दुकानों को निर्धारित एमआरपी पर ही शराब बेचने और ब्रांड के अनुरूप स्टॉक रखने का निर्देश दिया गया है.


सोमवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में उत्पाद विभाग की समीक्षा बैठक हुई. उत्पाद अधीक्षक कुंदन कौशल ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में सितंबर में 23 अभियोग दर्ज किए गए, जबकि चालू वित्तीय वर्ष में अब तक कुल 137 अभियोग दर्ज हो चुके हैं. सितंबर तक निर्धारित मासिक लक्ष्य के विरुद्ध 99.68 प्रतिशत राजस्व संग्रह किया गया है.
सितंबर में 167 लीटर अवैध चुलाई शराब जब्त
विभागीय आंकड़ों के अनुसार सितंबर में 167 लीटर अवैध चुलाई शराब, 1800 किलो जावा महुआ, 40.125 लीटर अवैध विदेशी शराब और 6.500 लीटर बीयर जब्त की गई. सितंबर तक कुल जब्ती में 1001.100 लीटर अवैध चुलाई शराब, 8205 किलो जावा महुआ, 208.485 लीटर अवैध विदेशी शराब और 223.380 लीटर बीयर शामिल है.
उपायुक्त ने दर्ज मामलों के निष्पादन, गिरफ्तार और फरार आरोपियों की स्थिति की समीक्षा करते हुए अवैध शराब के खिलाफ नियमित औचक छापेमारी जारी रखने का निर्देश दिया. साथ ही लाइसेंसी दुकानों में नियमों का अनुपालन और एमआरपी पर ही शराब की बिक्री सुनिश्चित कराने को कहा.
रिपोर्ट: मनीष बरनवाल

