जमशेदपुर: दीपावली के दौरान जुआ के खिलाफ जमशेदपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बिरसानगर थाना क्षेत्र के प्रकाश नगर स्थित एक मकान में छापेमारी कर 15 लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने मौके से कुल 7 लाख 67 हजार 400 रुपये नकद, 16 मोबाइल फोन और ताश के पत्ते बरामद किए हैं. सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सिटी एसपी ललित मीणा ने पूरे मामले की जानकारी दी.


पुलिस के अनुसार 25 अक्टूबर की रात गुप्त सूचना मिली थी कि बिरसानगर थाना क्षेत्र के प्रकाश नगर में प्रतापलाल सिंह के घर में संगठित रूप से जुआ खेला और खिलाया जा रहा है. सूचना वरीय अधिकारियों को दिए जाने के बाद सिटी एसपी के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक नगर जमशेदपुर के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया.
घर के बाहर चप्पल-जूते देख बढ़ा पुलिस का शक
पुलिस के मुताबिक छापेमारी टीम प्रकाश नगर स्थित मकान पर पहुंची तो घर के बाहर बड़ी संख्या में चप्पल और जूते पड़े मिले. टीम ने घर के अंदर प्रवेश किया तो करीब 15 लोग जुआ खेलते मिले. पुलिस को देखकर कुछ लोगों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर सभी को पकड़ लिया.
तलाशी के दौरान अलग-अलग आरोपियों के पास से नकदी और मोबाइल फोन बरामद किए गए. पुलिस के मुताबिक कुल 7,67,400 रुपये नकद और 16 स्मार्टफोन जब्त किए गए. इसके अलावा घर के टेबल से जुआ खेलने में इस्तेमाल किए जा रहे 52 पत्तों के ताश और 48,500 रुपये नकद बरामद किए गए.
पैसों का लालच देकर घर में जुआ खेलाने का आरोप
पुलिस की पूछताछ में सामने आए तथ्यों के आधार पर दावा किया गया है कि प्रतापलाल सिंह अपने घर पर संगठित तरीके से लोगों को रुपये-पैसों का लालच देकर जुआ खेलाता था और घर मालिक के रूप में जुआ खेलने के लिए स्थान उपलब्ध करा रहा था. पुलिस इन तथ्यों की आगे जांच कर रही है.
इस मामले में बिरसानगर थाना कांड संख्या 72/26, दिनांक 25 अक्टूबर 2026 दर्ज किया गया है. पुलिस ने बीएनएस 2023 की धारा 112(2), 292, 318(4), 3(3) तथा जुआ अधिनियम 1867 की धारा 3/4/11 के तहत मामला दर्ज किया है. गिरफ्तार सभी 15 आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
इन 15 आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार
पुलिस द्वारा जारी सूची के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में प्रवीण कुमार सिंह, अभिषेक सिंह, हरिलाल गुप्ता, अफताब आलम, प्रीतपाल सिंह, विमलेश सिंह, राजेश कुमार, राजा मंडल, अर्जुन महतो, रंजीत महतो, रवि कुमार गुप्ता, मिथुन कुमार, आकाश मुंडा, पप्पू शर्मा उर्फ रामप्रकाश शर्मा और निरंजन श्रीवास्तव शामिल हैं.
पुलिस के अनुसार आरोपियों के पास से अलग-अलग रकम और मोबाइल फोन बरामद किए गए. इनमें किसी के पास से एक लाख रुपये से अधिक तो किसी के पास से हजारों रुपये नकद मिले. पूरी बरामदगी को जब्त कर मामले की जांच की जा रही है.
सिटी एसपी के निर्देश पर बनी थी विशेष टीम
कार्रवाई पुलिस उपाधीक्षक नगर जमशेदपुर के नेतृत्व में गठित टीम ने की. छापेमारी में बिरसानगर, गोविंदपुर और परसुडीह थाना के पुलिस पदाधिकारी एवं बिरसानगर थाना सशस्त्र बल शामिल रहे.
सिटी एसपी ललित मीणा ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई और मौके से 15 लोगों को गिरफ्तार किया गया. पुलिस अब पूरे मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है.

