जामताड़ा/ Manish Baranwal डीएवी पब्लिक स्कूल जामताड़ा में रविवार को प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन कर दसवीं बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया. इस अवसर पर 90 प्रतिशत से अधिक अंक अर्जित करने वाले कुल 24 विद्यार्थियों को ट्रॉफी, मेडल, प्रशस्ति पत्र, शॉल, पुस्तक और कलम देकर पुरस्कृत किया गया.

समारोह में सर्वाधिक अंक प्राप्त कर रिकी रिमी ने जिला में प्रथम स्थान हासिल किया, जिसे विशेष रूप से सम्मानित किया गया. कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. अमर कुमार दास, विशिष्ट अतिथि स्थानीय शासी निकाय के अध्यक्ष कपीश परसुरामका, ऋतिका परसुरामका तथा विद्यालय के प्राचार्य डॉ. विजय कुमार के कर-कमलों से सभी मेधावियों को सम्मानित किया गया.
इस दौरान विद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल रहा और बड़ी संख्या में अभिभावक भी उपस्थित रहे. विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार ने गर्व व्यक्त किया.
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्राचार्य डॉ. विजय कुमार ने कहा कि मेधावी विद्यार्थियों को विद्यालय की ओर से विशेष सुविधाएं प्रदान की जाएंगी. उन्होंने बताया कि छात्रों को पठन- पाठन शुल्क में रियायत के साथ- साथ नामांकन प्रक्रिया में भी सहूलियत दी जाएगी.
उन्होंने आगे कहा कि विद्यालय में उन्नत प्रयोगशालाओं के साथ-साथ खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों की भी बेहतर सुविधा उपलब्ध है, जो विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है. विद्यालय लगातार शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू रहा है और यह सफलता उसी का प्रमाण है.

