जामताड़ा: शहर के ऐतिहासिक गांधी मैदान में आयोजित होने वाले 10 दिवसीय गणेश पूजा महोत्सव को लेकर बुधवार को विधिवत भूमि पूजन के साथ पंडाल निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया. आयोजन समिति के पदाधिकारियों, सदस्यों और स्थानीय श्रद्धालुओं की मौजूदगी में आचार्य रामानंद पांडेय सहित अन्य पुरोहितों ने वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच भूमि पूजन कराया. इसके बाद मुख्य खंभा गाड़कर भव्य पंडाल निर्माण की नींव रखी गई.



हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी गणेश पूजा महोत्सव में आकर्षक और अनूठे पंडाल का निर्माण कराया जा रहा है. इस वर्ष पंडाल को काल्पनिक मंदिर और ‘माटीर घरे गणराज’ यानी मिट्टी के घर की थीम पर तैयार किया जा रहा है. करीब 65 फीट ऊंचा भव्य पंडाल महोत्सव का प्रमुख आकर्षण रहेगा. पंडाल और गणेश प्रतिमा के निर्माण के लिए पश्चिम बंगाल के कुशल कारीगरों को विशेष रूप से बुलाया गया है.
पंडाल निर्माण के शुभारंभ के बाद गणेश पूजा आयोजन समिति के अध्यक्ष मुक्ताराम दत्ता की अध्यक्षता में विशेष समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में महोत्सव की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई. प्रतिमा निर्माण, पंडाल सजावट, विद्युत व्यवस्था और आकर्षक लाइटिंग सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी अलग-अलग उप समितियों को सौंपी गई.
10 दिवसीय महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है. जिला प्रशासन के सहयोग के साथ निजी सुरक्षा गार्डों की तैनाती की जाएगी. वहीं, सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से पूरे पूजा परिसर की निगरानी की व्यवस्था रहेगी.
गांधी मैदान में गणेश पूजा के साथ भव्य मेले का भी आयोजन किया जाएगा. मेले में बच्चों और युवाओं के मनोरंजन के लिए तारामाची, ब्रेक डांस और ड्रैगन झूला सहित विभिन्न प्रकार के झूले लगाए जाएंगे. इसके अलावा मीना बाजार में विभिन्न प्रकार के स्टॉल भी लगाए जाएंगे. इससे गणेश पूजा के साथ मेले का आकर्षण भी लोगों के बीच बना रहेगा.
भूमि पूजन और समीक्षा बैठक के दौरान समिति के अध्यक्ष मुक्ताराम दत्ता, सचिव संतोष बरनवाल, प्रवीन अग्रवाल, दीनबंधु सिंह, चंचल भंडारी, संजय दत्ता, सुजीत सिंह, निभाई दा, दीपक बर्मन, सुनील साव, सोनू शेट्टी, सूरज अग्रवाल, सुधीर यादव सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल





