जामताड़ा: जिले में साइबर अपराध के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है. इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर साइबर थाना की पुलिस ने करमाटांड़ थाना क्षेत्र के सुगापहाड़ी में छापेमारी कर दो कथित साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के पास से छह मोबाइल फोन, नौ सिम कार्ड, सात एटीएम कार्ड और एक पैन कार्ड बरामद किया है.


गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुगापहाड़ी निवासी वाजिद अंसारी (32), पिता सिकंदर अंसारी और बरमुंडी निवासी हसबुल अंसारी (24), पिता इजहार मियां के रूप में हुई है. दोनों करमाटांड़ थाना क्षेत्र के निवासी हैं.
क्रेडिट कार्ड बंद होने का झांसा देकर करते थे ठगी
पुलिस के अनुसार, साइबर अपराधी स्टेट बैंक ऑफ इंडिया समेत अन्य बैंकों के क्रेडिट कार्ड बंद होने या नया कार्ड जारी कराने का झांसा देकर लोगों को अपने जाल में फंसाते थे. इसके बाद पीड़ितों के मोबाइल फोन में एपीके (APK) फाइल डाउनलोड करवाते थे. इस फाइल के जरिए क्रेडिट कार्ड से जुड़ी गोपनीय जानकारी हासिल कर साइबर ठगी की जाती थी। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों का कार्यक्षेत्र मुख्य रूप से देश के विभिन्न राज्यों में फैला हुआ था.
साइबर थाना में मामला दर्ज
पुलिस उपाधीक्षक (साइबर अपराध) अमित रविदास के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया था. दल में साइबर अपराध थाना प्रभारी राजेश मंडल, पुलिस निरीक्षक नितिश कुमार, पुलिस निरीक्षक विकास कुमार तिवारी और पुलिस अवर निरीक्षक हीरालाल महतो सहित रिजर्व गार्ड के जवान शामिल थे. टीम ने सुगापहाड़ी में सड़क किनारे स्थित एक निर्माणाधीन मकान में छापेमारी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया.
इस मामले में साइबर अपराध थाना कांड संख्या 69/26, दिनांक 27 अक्टूबर 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता, सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम और दूरसंचार अधिनियम की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है.
रिपोर्ट: मनीष बरनवाल

