जमशेदपुर: गोलमुरी थाना क्षेत्र के केबुल बस्ती तीन नंबर लाइन में बुधवार को एक खपरैल मकान में अचानक आग लग गई. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और इलाके में अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास शुरू किया. सूचना मिलने पर झारखंड अग्निशमन विभाग की एक बड़ी और दो छोटी गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया.


अगलगी में घर के अंदर रखा घरेलू सामान जलकर राख हो गया. प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह गैस लीकेज बताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
स्थानीय लोगों के अनुसार मकान शकुंतला देवी का है और उनकी आर्थिक स्थिति कमजोर है. अगलगी में गृहस्थी का सामान नष्ट होने के बाद स्थानीय लोगों ने जनप्रतिनिधियों से पीड़ित महिला को आर्थिक सहयोग देने की अपील की है. साथ ही प्रशासन से क्षति का आकलन कर नियमानुसार उचित मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की गई है. राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. दमकल कर्मियों की कार्रवाई के बाद आग को पूरी तरह नियंत्रित कर लिया गया.

