जामताड़ा: पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर साइबर अपराध थाना पुलिस ने करमाटांड़ थाना क्षेत्र के सुंदरजोरी गांव में छापेमारी कर दो साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुंदरजोरी निवासी गौतम कुमार मंडल (21), पिता बलराम मंडल और सोनु कुमार मंडल (19), पिता रंजीत मंडल के रूप में हुई है. पुलिस ने इनके पास से चार मोबाइल फोन और तीन सिम कार्ड बरामद किए हैं. पुलिस के अनुसार, साइबर अपराधियों द्वारा लोगों के व्हाट्सएप नंबर पर RTO ई-चालान के नाम पर APK फाइल भेजी जाती थी. मैसेज के जरिए लोगों को APK फाइल डाउनलोड और इंस्टॉल करने के लिए प्रेरित किया जाता था.


फाइल इंस्टॉल होने के बाद आरोपियों द्वारा पीड़ितों की गोपनीय जानकारी हासिल कर ई-वॉलेट के माध्यम से साइबर ठगी की जाती थी. पुलिस ने बताया कि आरोपियों का अपराध क्षेत्र मुख्य रूप से देश के विभिन्न राज्यों तक फैला हुआ था. मामले को लेकर साइबर अपराध थाना में कांड संख्या 60/26, दिनांक 21 सितंबर 2026 दर्ज किया गया है. पुलिस ने बीएनएस की विभिन्न धाराओं के साथ आईटी एक्ट और टेलीकम्युनिकेशंस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है. पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस उपाधीक्षक (साइबर अपराध) अमित कुमार के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया था.
टीम में साइबर अपराध थाना प्रभारी राजेश मंडल, पुलिस निरीक्षक पुष्पेश्वर दास और पुलिस निरीक्षक मनीष कुमार गुप्ता सहित रिजर्व गार्ड के जवान शामिल थे. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि व्हाट्सएप या किसी अन्य माध्यम से प्राप्त ई-चालान, KYC, बैंक अपडेट या अन्य सरकारी सेवा के नाम पर भेजी गई APK फाइल को डाउनलोड अथवा इंस्टॉल न करें. संदेहास्पद लिंक या फाइल मिलने पर तत्काल साइबर अपराध हेल्पलाइन अथवा पुलिस को इसकी सूचना दें.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

