जमशेदपुर: कदमा थाना क्षेत्र में ग्राहक बनकर ज्वेलरी दुकानों में पहुंची एक महिला पर पायल और नथिया चोरी करने का आरोप लगा है. बताया जा रहा है कि महिला ने पहले दुकानदारों को आभूषण दिखाने में व्यस्त रखा और मौका मिलते ही सामान लेकर निकल गई.


जानकारी के अनुसार महिला सबसे पहले कदमा स्थित लक्ष्मी ज्वेलर्स पहुंची. यहां उसने ग्राहक बनकर अलग- अलग आभूषण दिखाने को कहा और एक जोड़ी पायल पसंद करने का नाटक किया. दुकानदार का आरोप है कि सामान देखने के दौरान उसने मौका पाकर पायल अपने पास रख ली.
इसके बाद इसी तरह की घटना माणिक चंद ज्वेलर्स में भी सामने आई. आरोप है कि यहां महिला ने आभूषण देखने के बहाने नथिया पर हाथ साफ किया और दुकान से निकल गई.
जब हिसाब मिला तो गायब था गहना
घटना की जानकारी होने के बाद दोनों दुकानदारों ने अपने स्तर से महिला की तलाश शुरू की. आसपास के ज्वेलरी कारोबारियों को भी सतर्क किया गया है. ज्वेलरी व्यवसायी शंकर प्रसाद वर्मा के अनुसार महिला की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है.
दुकानों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है. फुटेज के आधार पर महिला की पहचान और पूरे घटनाक्रम की वास्तविकता स्पष्ट होने की उम्मीद है. फिलहाल आरोपों की पुलिस जांच और आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है.

