कोडरमा: थाना क्षेत्र के लोचनपुर गांव में तीन नाबालिगों को कथित तौर पर बंधक बनाकर गांव में घुमाने और बिजली के खंभे से रस्सी से बांधकर माफी मंगवाने का मामला सामने आया है. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. हालांकि वायरल वीडियो और उससे जुड़े सभी दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है.


प्रारंभिक जानकारी के अनुसार रविवार देर रात दो नाबालिग लड़के गांव की एक नाबालिग लड़की से मिलने उसके घर पहुंचे थे. सोमवार अहले सुबह इसकी जानकारी ग्रामीणों को मिलने पर बड़ी संख्या में लोग वहां जमा हो गए. स्थानीय लोगों का दावा है कि तीनों एक कमरे में मिले थे. इसके बाद कुछ ग्रामीणों ने तीनों को अपने कब्जे में ले लिया.
आरोप है कि भीड़ ने तीनों नाबालिगों को गांव में घुमाया और बाद में बिजली के खंभे से रस्सी के सहारे बांधकर उनसे माफी मंगवाई. घटना की सूचना मिलने पर कोडरमा पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों को ग्रामीणों के बीच से निकालकर अपने साथ ले गई.
मामले में पुलिस घटनाक्रम और वायरल वीडियो की जांच कर रही है. नाबालिगों के साथ कथित तौर पर किए गए दुर्व्यवहार में शामिल लोगों की भूमिका भी जांच का विषय है.

