जामताड़ा: समाजसेवी तरुण कुमार गुप्ता ने सोशल मीडिया पर फर्जी फेसबुक अकाउंट बनाकर उनकी, उनके परिवार तथा नगर पंचायत अध्यक्ष की छवि धूमिल करने की कोशिश किए जाने का आरोप लगाया है. इस संबंध में उन्होंने साइबर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है.


दर्ज शिकायत में कहा गया है कि “जामताड़ा विकास की ओर” नाम से संचालित एक फेसबुक पेज अथवा अकाउंट के माध्यम से लगातार आपत्तिजनक और अभद्र टिप्पणियां पोस्ट की जा रही हैं. इन पोस्टों में उनका, उनके परिवार के सदस्यों तथा नगर पंचायत अध्यक्ष का नाम लेकर आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया है, जिससे उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा प्रभावित हो रही है.
तरुण गुप्ता ने कहा कि सोशल मीडिया का उपयोग सकारात्मक संवाद और जनहित के लिए होना चाहिए, लेकिन कुछ लोग फर्जी पहचान का सहारा लेकर लोगों को बदनाम करने और भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहे हैं. उन्होंने संबंधित फेसबुक अकाउंट की तकनीकी जांच कर संचालक की पहचान करने और उसके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है.
उन्होंने यह भी कहा कि नगर पंचायत अध्यक्ष के पद और गरिमा को भी ठेस पहुंचाने का प्रयास किया गया है, जो गंभीर विषय है. शिकायत में सोशल मीडिया के दुरुपयोग पर रोक लगाने के लिए सख्त कार्रवाई की आवश्यकता बताई गई है.
वहीं, साइबर थाना पुलिस ने शिकायत प्राप्त होने की पुष्टि करते हुए मामले की जांच शुरू करने की बात कही है. पुलिस तकनीकी माध्यमों से यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि संबंधित अकाउंट का संचालन कौन कर रहा है और उसके माध्यम से की गई पोस्टों का उद्देश्य क्या था. मामले को लेकर शहर में चर्चा का माहौल बना हुआ है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

