जामताड़ा/ Manish Baranwal प्रखंड सभागार में भारत की 16वीं जनगणना 2027 के प्रथम चरण को लेकर तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया. इस प्रशिक्षण में मकान सूचीकरण और मकानों की गणना से संबंधित प्रक्रियाओं पर विशेष जोर दिया जा रहा है.

कार्यक्रम का उद्घाटन अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार और प्रखंड सह अंचल अधिकारी अबीश्वर मुर्मू ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया.
अधिकारियों ने कहा कि जनगणना किसी भी देश की विकास योजनाओं, संसाधनों के सही वितरण और प्रशासनिक ढांचे का मजबूत आधार होती है. उन्होंने बताया कि जनगणना 2027 को सफल बनाने के लिए सभी कर्मियों का प्रशिक्षित और जागरूक होना बेहद जरूरी है. प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रतिदिन सुबह 9:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक आयोजित किया जाएगा, जिसमें संबंधित कर्मियों को मकान सूचीकरण, परिवारों की पहचान, आंकड़ों के संकलन, सर्वेक्षण प्रक्रिया और डिजिटल प्रणाली की विस्तृत जानकारी दी जाएगी.
प्रशिक्षण के दौरान फील्ड में आने वाली व्यावहारिक समस्याओं और उनके समाधान पर भी विस्तार से चर्चा की जाएगी, ताकि कार्य के दौरान किसी प्रकार की कठिनाई न हो.
इस प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनर के रूप में प्रताप कुमार पोल, योगेंद्र कुमार मिश्र, अखंड ज्योति और अखिलेश कुमार मिश्रा प्रतिभागियों को मार्गदर्शन देंगे. प्रशिक्षकों ने कहा कि जनगणना कार्य बेहद जिम्मेदारीपूर्ण है, इसलिए प्रत्येक जानकारी का सही और सटीक संकलन जरूरी है.
जानकारी के अनुसार यह प्रशिक्षण तीन चरणों में आयोजित किया जाएगा, जिससे सभी संबंधित कर्मियों को व्यवस्थित तरीके से प्रशिक्षित किया जा सके. प्रशासन ने प्रशिक्षण को सफल बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं.
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित कर्मियों और अधिकारियों ने जनगणना 2027 को सफलतापूर्वक संपन्न कराने का संकल्प लिया.

