सरायकेला: चांडिल थाना क्षेत्र में चर्चित विजय तिर्की हत्याकांड मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. गौरतलब है कि हारुडीह गांव में 24 दिसंबर 2025 को विजय तिर्की की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जिसके बाद मृतक की पत्नी के आवेदन पर मामला दर्ज किया गया था.

इस मामले में लगातार कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक और फरार आरोपी सहनवाज खान उर्फ डाबर उर्फ सन्नो को 26 अप्रैल 2026 को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी का वर्तमान पता जमशेदपुर के मानगो क्षेत्र स्थित वारी कॉलोनी बताया गया है, जबकि उसका स्थायी पता आजादनगर थाना क्षेत्र का है.
पुलिस के अनुसार, आरोपी की गिरफ्तारी मानवीय सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर की गई. इस कांड में शामिल अन्य फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
गौरतलब है कि इस हत्याकांड में पूर्व में भी चार आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनमें शाहिद खान उर्फ शहजादा, विवेक कुमार मन्ना उर्फ विक्की, राहुल राव और मनीष कुमार ठाकुर शामिल हैं.
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी शहनवाज खान का आपराधिक इतिहास लंबा रहा है. उसके खिलाफ हत्या, रंगदारी, मारपीट और आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में पूर्व से ही मामले दर्ज हैं. पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस मामले में शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान जारी है और जल्द ही पूरे कांड का पूर्ण उद्भेदन किया जाएगा.

