जमशेदपुर: शहर में अवैध जुआ और लॉटरी के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए चार लोगों को गिरफ्तार किया है. साकची थाना क्षेत्र के बिरसा मुंडा टेम्पो स्टैंड एवं मुर्गा लाइन और सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के छायानगर में हुई कार्रवाई में पुलिस ने नकदी, लॉटरी बोर्ड, जुआ-लॉटरी से संबंधित कागजात और मोबाइल समेत अन्य सामान बरामद किए हैं. बुधवार को सिटी एसपी ललित मीणा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दोनों मामलों की जानकारी दी.


साकची में तीन गिरफ्तार, 2510 रुपये बरामद
साकची पुलिस को मंगलवार, 23 सितंबर को सूचना मिली थी कि बिरसा मुंडा टेम्पो स्टैंड एवं मुर्गा लाइन के आसपास अवैध रूप से लॉटरी और जुआ खेलाया जा रहा है. सूचना के सत्यापन के लिए पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में छापेमारी दल गठित किया गया. पुलिस के अनुसार छापेमारी के दौरान मौके से तीन लोगों को पकड़ा गया. गिरफ्तार आरोपियों में ह्युमपाईप कल्याण नगर निवासी नीरज कुमार सिंह (30), काशीडीह निवासी दिलीप पासवान (28) तथा होमपाइप निर्मल नगर निवासी अरविंद कुमार सिंह (32) शामिल हैं.
पुलिस ने इनके पास से दो लॉटरी बोर्ड, कुल 2510 रुपये नकद, विभिन्न अंक और नंबर अंकित बंसल कंपनी की कॉपी, एक रियलमी मोबाइल तथा एक आरोपी के मोबाइल से ऑनलाइन गोवा स्टार ऐप का स्क्रीनशॉट बरामद करने का दावा किया है.
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने कथित रूप से बाजार में लोगों को अधिक पैसे का लालच देकर गोवा स्टार ऐप के माध्यम से लॉटरी लगवाने की बात कही है. मामले में साकची थाना कांड संख्या 70/2026, दिनांक 23 सितंबर 2026 दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है.
सीतारामडेरा के छायानगर में दबिश, एक गिरफ्तार
दूसरी कार्रवाई सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के छायानगर में हुई. पुलिस को 22 सितंबर की शाम करीब 7:15 बजे सूचना मिली थी कि इलाके में कुछ लोग अवैध जुआ चला रहे हैं. इसके बाद विशेष टीम गठित कर मौके पर छापेमारी की गई. पुलिस के पहुंचते ही कुछ लोग अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले, जबकि एक व्यक्ति को मौके से पकड़ लिया गया. गिरफ्तार आरोपी की पहचान बिरसानगर के जोन नंबर तीन, रोड नंबर 13बी, शिवमंदिर क्षेत्र निवासी राहुल कुमार (32) के रूप में हुई है.
पुलिस ने मौके से 1820 रुपये नकद, एक सैमसंग एंड्रॉयड मोबाइल, एक पॉकेट डायरी, एक नोटबुक और जुआ-लॉटरी खेलने में इस्तेमाल होने वाला पेपर चार्ट बरामद करने का दावा किया है.
मामले में सीतारामडेरा थाना कांड संख्या 104/2026, दिनांक 22 सितंबर 2026 दर्ज किया गया है. पुलिस के अनुसार राहुल कुमार से मिली जानकारी के आधार पर जुआ संचालन से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है.
दोनों मामलों में नेटवर्क खंगाल रही पुलिस
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों थाना क्षेत्रों में चल रहे कथित जुआ और लॉटरी कारोबार के पीछे अन्य कौन-कौन लोग सक्रिय हैं. साकची और सीतारामडेरा में हुई कार्रवाई को फिलहाल अलग- अलग मामलों के रूप में दर्ज किया गया है. दोनों के बीच किसी संगठित संबंध की आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है.

