जामताड़ा: प्रखंड के मेझिया स्थित राजकीय प्लस-टू बुनियादी विद्यालय के छात्र- छात्राओं ने समाज को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से विशेष जागरूकता अभियान चलाया. अभियान के दौरान विद्यार्थियों ने विद्यालय परिसर और आसपास के क्षेत्रों में लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया तथा निषिद्ध मादक पदार्थों के सेवन से दूर रहने की अपील की.



छात्र- छात्राओं ने लोगों को बताया कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार और समाज तीनों के लिए नुकसानदायक है. उन्होंने युवाओं से नशे जैसी बुराइयों से दूर रहकर शिक्षा, खेलकूद और सकारात्मक गतिविधियों में भाग लेने का आह्वान किया.
अभियान के दौरान विद्यार्थियों ने नशामुक्त समाज निर्माण का संदेश देते हुए जनजागरूकता कार्यक्रम चलाया, जिसे स्थानीय लोगों और अभिभावकों ने भी सराहा. लोगों ने विद्यार्थियों की इस पहल को सामाजिक बदलाव की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया.
विद्यालय के प्राचार्य राजीव कुमार ने कहा कि शिक्षा केवल किताबों तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों में सामाजिक जिम्मेदारी और जागरूक नागरिक बनने की भावना विकसित करना भी जरूरी है. उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम छात्रों को समाज के प्रति अपनी भूमिका समझने का अवसर प्रदान करते हैं.
कार्यक्रम में शिक्षक प्रभाष सोरेन, सीमा मुर्मू, मदन मोहन गौराई, निपेन चंद्र मंडल, निखिल मंडल सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और अभिभावक उपस्थित रहे. अभियान के अंत में सभी ने नशामुक्त समाज बनाने का सामूहिक संकल्प लिया.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल





