बिहार: कटिहार जिले के कोढ़ा थाना क्षेत्र में शनिवार अहले सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया. जहां जुराबगंज के पास मजदूरों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर पलट गई. हादसे में 25 मजदूर घायल हो गए, जिनमें 15 की हालत गंभीर बताई जा रही है. सभी गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया हायर सेंटर रेफर किया गया है.


प्राप्त जानकारी के अनुसार बस में करीब 60 से 70 मजदूर सवार थे. सभी मजदूर नवादा जिले के एक ईंट-भट्ठे में काम करने के बाद पश्चिम बंगाल के कूचबिहार स्थित अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान जुराबगंज के समीप अचानक एक कार बस के सामने आ गई. कार को बचाने के प्रयास में चालक बस से नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद बस सड़क पर पलट गई.
हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई. स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही कोढ़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को कोढ़ा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया.
कोढ़ा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. विनीत कुमार ने बताया कि कुल 25 घायलों का उपचार किया गया. इनमें 10 लोगों की स्थिति सामान्य पाई गई, जबकि 15 गंभीर रूप से घायल मजदूरों को बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए पूर्णिया हायर सेंटर भेजा गया है.
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस और कार को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है. हादसे के कारणों और घटनाक्रम की विस्तृत जांच की जा रही है.
Edited By Sarita Mahato

