जामताड़ा/ Manish Baranwal जिले में स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ा एक मामला अब बड़ा रूप लेता नजर आ रहा है. एक औचक जांच के बाद जो सामने आया, उसने प्रशासन को सख्त कदम उठाने पर मजबूर कर दिया. शहर के सिटी हॉस्पिटल और मंगलम नेत्रालय के खिलाफ वित्तीय अनियमितताओं के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है. अंचल अधिकारी अविश्वर मुर्मू के आवेदन पर दोनों अस्पतालों के एमडी और प्रबंधन के खिलाफ लाखों रुपये के फर्जीवाड़े का मामला दर्ज किया गया है.

इस संबंध में जामताड़ा थाना में कांड संख्या 38/2026 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. गौरतलब है कि उपायुक्त रवि आनंद के नेतृत्व में 24 मार्च को जिला स्तरीय टीम ने दोनों अस्पतालों का औचक निरीक्षण किया था. जांच के दौरान आयुष्मान भारत योजना और जिला अंधापन नियंत्रण समिति के फंड में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी सामने आई. इसके बाद अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार की अध्यक्षता में एक विशेष टीम गठित कर विस्तृत जांच कराई गई.
एसडीओ द्वारा सौंपी गई रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई करते हुए सीओ को प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश दिया गया. इसी के तहत दोनों संस्थानों के एमडी और प्रबंधकों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया है. अब सवाल यह है कि क्या यह कार्रवाई केवल शुरुआत है, या फिर जांच में और भी बड़े खुलासे सामने आएंगे.

