सरायकेला/ Pramod Singh नगर क्षेत्र में गैस संकट को लेकर परेशान जनता के बीच उस वक्त हलचल मच गई, जब नगर पंचायत अध्यक्ष खुद गोदाम पहुंच गए. कई दिनों से लाइन में लगने के बावजूद सिलेंडर नहीं मिलने से लोग परेशान थे.

नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी शनिवार को सीधे गैस गोदाम पहुंचे और वहां मौजूद उपभोक्ताओं से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं. लोगों ने बताया कि लंबे समय से गैस की किल्लत बनी हुई है और घंटों कतार में खड़े रहने के बाद भी खाली हाथ लौटना पड़ रहा है.
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अध्यक्ष ने मौके पर ही प्रशासनिक अधिकारियों और गोदाम संचालक से बातचीत की. उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि गैस वितरण व्यवस्था में सुधार लाया जाए और जल्द से जल्द आपूर्ति सामान्य की जाए. अध्यक्ष ने भरोसा दिलाया कि सोमवार से गैस की आपूर्ति सामान्य हो जाएगी, जिससे उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी. हालांकि उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भले ही गैस की कमी नहीं होने के दावे किए जा रहे हों, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही है.
उन्होंने कहा कि कमर्शियल सिलेंडर की कमी से होटल और ठेला व्यवसाय पर भी असर पड़ा है, जिससे कई लोगों के रोजगार पर संकट खड़ा हो गया है. साथ ही उन्होंने बताया कि राज्य सरकार इस समस्या को दूर करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है. जिला प्रशासन और एसडीओ सरायकेला द्वारा घरेलू गैस सिलेंडर की कालाबाजारी रोकने के लिए लगातार छापेमारी भी की जा रही है. मौके पर वार्ड पार्षद गौतम नायक समेत कई स्थानीय लोग मौजूद रहे. अब देखना यह होगा कि सोमवार से मिलने वाला यह भरोसा हकीकत में कितना बदलता है.

