जामताड़ा/ Manish Baranwal जिले से होकर गुजरने वाली हावड़ा- दिल्ली रेलखंड पर शनिवार को उस वक्त अफरा- तफरी मच गई, जब एक चलती ट्रेन से अचानक धुआं उठने लगा. यात्रियों को कुछ समझ आता, उससे पहले ही हालात बिगड़ने लगे और लोग अपनी जान बचाने के लिए नीचे उतरने लगे.

हावड़ा- नई दिल्ली मेन लाइन पर जामताड़ा और विद्यासागर स्टेशन के बीच पोल संख्या 253/20 के पास जयनगर- पुरी एक्सप्रेस में यह घटना हुई. बताया जा रहा है कि ट्रेन के जनरल कोच से अचानक घना धुआं निकलने लगा, जिससे यात्रियों में हड़कंप मच गया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार धुआं उठते ही बोगी में चीख- पुकार मच गई और किसी बड़े हादसे की आशंका में यात्री तुरंत ट्रेन से उतरकर इधर- उधर भागने लगे. कुछ समय के लिए मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई, जिससे आसपास के लोग भी दहशत में आ गए.
घटना के बाद ट्रेन को करीब आधे घंटे तक रोका गया. सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन हरकत में आया और तकनीकी टीम मौके पर पहुंची. जांच में सामने आया कि ब्रेक बाइंडिंग के कारण पहियों में ज्यादा घर्षण हुआ, जिससे धुआं उठने लगा. राहत की बात यह रही कि इस पूरी घटना में किसी भी यात्री के हताहत होने की खबर नहीं है. जांच के बाद स्थिति सामान्य पाई गई और ट्रेन को सुरक्षित तरीके से आगे के लिए रवाना कर दिया गया.
रेलवे प्रशासन ने कहा है कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस तरह की घटनाओं से बचने के लिए नियमित जांच की जाती है.
अब सवाल यह है कि अगर समय रहते स्थिति काबू में नहीं आती, तो क्या यह एक बड़ा हादसा बन सकता था.

