जमशेदपुर: कदमा थाना क्षेत्र के भाटिया बस्ती में 24 वर्षीय सुशील कुमार ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. सुशील कपाली के डोबो स्थित एक शराब दुकान में काम करता था. बताया जा रहा है कि बुधवार रात काम खत्म करने के बाद वह अपने किराए के घर लौटा था. गुरुवार सुबह जब वह काफी देर तक काम पर नहीं पहुंचा तो सहकर्मियों ने उसके घर जाकर देखा. कमरे के अंदर सुशील पंखे से फंदे के सहारे लटका हुआ मिला.


सुशील मूल रूप से बिहार के औरंगाबाद जिले के दाउदनगर का रहने वाला था और पिछले कुछ समय से कदमा की भाटिया बस्ती में किराए के मकान में रह रहा था. बताया गया कि उसने करीब एक महीने पहले ही शराब दुकान में काम शुरू किया था. घटना की सूचना मिलते ही कदमा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी. फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
Edited By Indrakant

