रांची: झामुमो के केंद्रीय प्रवक्ता सह पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी ने स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी से मुलाकात कर चिकित्सा शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़े दो महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की. मणिपाल एजुकेशन एंड मेडिकल ग्रुप के प्रेसिडेंट सोमनाथ दास की मौजूदगी में हुई मुलाकात के दौरान झारखंड के विद्यार्थियों के हित में जमशेदपुर स्थित मणिपाल टाटा मेडिकल कॉलेज में मेडिकल सीटों की संख्या 25 से बढ़ाकर 50 करने का आग्रह किया गया.



कुणाल षाड़ंगी ने कहा कि मेडिकल सीटों की संख्या बढ़ने से झारखंड के विद्यार्थियों को चिकित्सा शिक्षा के अधिक अवसर मिलेंगे. इससे राज्य की स्थानीय प्रतिभाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी.
मणिपाल एजुकेशन एंड मेडिकल ग्रुप के प्रेसिडेंट सोमनाथ दास ने बताया कि वर्तमान में झारखंड के बच्चों के लिए कुल 25 सीटें निर्धारित हैं. इनमें 10 सीटें सामान्य वर्ग और 15 सीटें आरक्षित वर्ग के विद्यार्थियों के लिए हैं. प्रस्तावित व्यवस्था के तहत सीटों की संख्या बढ़ाकर 50 करने की योजना है. इसमें 20 सीटें सामान्य वर्ग और 30 सीटें आरक्षित वर्ग के विद्यार्थियों के लिए होंगी. उन्होंने बताया कि सीटों की संख्या बढ़ाने की प्रक्रिया जल्द शुरू करने की दिशा में पहल की जाएगी.
बैठक के दौरान जमशेदपुर स्थित मणिपाल टाटा मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम की सुविधा उपलब्ध कराने का आग्रह भी किया गया. वर्तमान में शहर में पोस्टमार्टम के लिए मुख्य रूप से एमजीएम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पर निर्भरता है. कई बार अधिक दबाव के कारण पोस्टमार्टम की प्रक्रिया में विलंब होता है. इससे मृतकों के परिजनों को परेशानी का सामना करना पड़ता है.
मणिपाल अस्पताल में पोस्टमार्टम की सुविधा उपलब्ध होने से एमजीएम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पर दबाव कम करने और पोस्टमार्टम प्रक्रिया में होने वाली देरी को कम करने में मदद मिल सकती है. स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने दोनों मांगों पर सकारात्मक आश्वासन देते हुए कहा कि आगामी सत्र में दोनों प्रस्तावों को पारित कराने की दिशा में आवश्यक पहल की जाएगी.
कुणाल षाड़ंगी ने कहा कि झारखंड के विद्यार्थियों को बेहतर चिकित्सा शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराने के साथ ही जमशेदपुर में स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करना आवश्यक है. उन्होंने उम्मीद जताई कि मेडिकल सीटों में वृद्धि और पोस्टमार्टम सुविधा शुरू करने के प्रस्ताव पर जल्द सकारात्मक कार्रवाई होगी.
Edited By Indrakant





