जामताड़ा: जिले के मिहिजाम थाना पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चित्तरंजन गेट नंबर-1 के पास दो तस्करों को गिरफ्तार किया है. दोनों आरोपी मिथिला एक्सप्रेस से शराब लेकर मुजफ्फरपुर जाने की तैयारी में थे. पुलिस ने उनके पास से अंग्रेजी शराब और बीयर बरामद की है.



गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिहार के मधुबनी जिले के खजौली थाना क्षेत्र के एकडारा निवासी 22 वर्षीय राजा कुमार और मुजफ्फरपुर जिले के बेनीबाद थाना क्षेत्र के राहोपुर निवासी 28 वर्षीय विष्णु पंडित के रूप में हुई है.
थाना प्रभारी प्रदीप राणा को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने चित्तरंजन गेट नंबर-1 के समीप छापेमारी की. पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी शराब को दो ट्रॉली बैग और एक पिट्ठू बैग में सामान्य यात्री के सामान की तरह छिपाकर ले जा रहे थे.
तलाशी के दौरान हरे रंग के ट्रॉली बैग से 750 एमएल की रॉयल स्टैग की 14 बोतल, काले पिट्ठू बैग से 500 एमएल की हेवर्ड्स कैन बीयर के 48 पीस और नीले ट्रॉली बैग से 750 एमएल की मैजिक मोमेंट्स की 14 बोतल बरामद की गई.
पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी चित्तरंजन स्टेशन से मिथिला एक्सप्रेस पकड़कर मुजफ्फरपुर जाने की तैयारी में थे. इससे पहले ही पुलिस ने उन्हें दबोच लिया.
मामले में मिहिजाम थाना कांड संख्या 58/2026, दिनांक 13 अगस्त 2026 के तहत बीएनएस की धारा 274, 275, 292 एवं 47(ए) उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है. मामले के अनुसंधान की जिम्मेदारी पुलिस अवर निरीक्षक अजित सागर केरकेट्टा को सौंपी गई है. दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
रिपोर्ट : मनीष बर्णवाल





