सरायकेला: नगर पंचायत के व्यस्ततम बिरसा चौक में लंबे समय से बने बड़े-बड़े गड्ढों को लेकर अब प्रशासन सक्रिय हो गया है. भाजपा नेता सुमित चौधरी ने उपायुक्त से मुलाकात कर इस गंभीर समस्या की ओर ध्यान आकृष्ट कराया और जल्द से जल्द गड्ढों को भरवाने का आग्रह किया.

उन्होंने बताया कि यह चौक सरायकेला और खरसावां को जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग है, जहां से प्रतिदिन हजारों छोटे- बड़े वाहन गुजरते हैं. साथ ही विभिन्न कंपनियों के भारी वाहन भी इसी रास्ते से आवागमन करते हैं, जिससे सड़क की स्थिति और खराब हो गई है.
सुमित चौधरी ने चेतावनी दी कि गड्ढों की वजह से स्थिति बेहद भयावह हो चुकी है और किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है. उन्होंने कहा कि व्यस्त चौक होने के कारण जान- माल के नुकसान की आशंका लगातार बनी हुई है.
मामले की गंभीरता को देखते हुए उपायुक्त ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित विभाग को निर्देश दिया है कि गड्ढों को जल्द से जल्द भरकर सड़क को सुरक्षित बनाया जाए. उपायुक्त के इस पहल पर भाजपा नेता ने प्रसन्नता जताई साथ ही कहा कि इससे आम लोगों को हो रहे परेशानियों से निजात मिलेगी.

