जमशेदपुर: शहर और आसपास के इलाकों में सोमवार को दिनभर उमस भरी गर्मी ने लोगों को खासा परेशान किया. तेज धूप के साथ नमी भरी हवा के कारण हालात और भी मुश्किल हो गए, जिससे आम जनजीवन प्रभावित रहा. लोग घरों और दफ्तरों में भी गर्मी से राहत नहीं पा सके और पूरे दिन बादलों के आने का इंतजार करते रहे.

दोपहर के बाद आसमान में हल्के बादल जरूर छाए, लेकिन उमस कम नहीं हुई. बाजारों और सड़कों पर भीड़ अपेक्षाकृत कम देखी गई, जबकि गर्मी से बचने के लिए लोग छांव और ठंडे पेय पदार्थों का सहारा लेते नजर आए.
शाम होते- होते मौसम ने अचानक करवट ली और तेज हवाओं के साथ जोरदार बारिश शुरू हो गई. देखते ही देखते सड़कों पर पानी भर गया और गर्मी से राहत मिल गई. बारिश के बाद वातावरण ठंडा हो गया और तापमान में गिरावट दर्ज की गई. इस बदलाव के बाद शहर का मौसम सुहावना हो गया. लोग घरों से बाहर निकलकर बारिश का आनंद लेते दिखे, वहीं बच्चों और युवाओं में खास उत्साह देखने को मिला. हालांकि कुछ इलाकों में जलजमाव और ट्रैफिक की हल्की समस्या भी सामने आई. मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है, जिससे लोगों को गर्मी से और राहत मिल सकती है.

