आदित्यपुर/ Bipin Varshney थाना क्षेत्र से एक 15 वर्षीय नाबालिग लड़की के लापता होने का मामला लगातार गंभीर होता जा रहा है. 8 जनवरी 2026 से गायब किशोरी का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है, जिससे परिजनों में चिंता के साथ आक्रोश भी बढ़ता जा रहा है.

जानकारी के अनुसार शिवनारायणपुर निवासी दिलीप कुमार दास की पुत्री 8 जनवरी की रात अचानक घर से लापता हो गई. परिजनों का कहना है कि उसी रात एक संदिग्ध व्यक्ति ने फोन कर लड़की के बारे में पूछताछ की, जिसके बाद घटना का पता चला. परिवार ने तत्काल थाना में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन आरोप है कि पुलिस ने मामले में तत्परता नहीं दिखाई और एफआईआर 14 जनवरी को दर्ज की गई. इस बीच परिजनों ने एक वीडियो भी पुलिस को सौंपा है, जिसमें कथित रूप से लड़की को बहला- फुसलाकर ले जाते हुए देखा जा रहा है.
मामले को और गंभीर बनाते हुए परिजनों ने बताया कि इससे पहले 2 दिसंबर 2025 को भी इसी तरह की घटना हुई थी, जिसे उस समय आपसी समझौते के बाद शांत कर दिया गया था. लगातार देरी और कार्रवाई के अभाव से नाराज परिजनों ने पुलिस अधीक्षक और कोल्हान डीआईजी को लिखित शिकायत सौंपते हुए विशेष जांच टीम गठित करने, बच्ची की जल्द बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है. परिवार का कहना है कि इतने दिन बीत जाने के बावजूद कोई ठोस सुराग नहीं मिलने से वे मानसिक तनाव में हैं और उन्हें जल्द न्याय की उम्मीद है. परिजनों ने शम्भू मिर्धा नामक युवक पर बच्ची को गायब करने की आशंका जताई हैं.

